ट्रैक्टर आज के समय में खेती का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) द्वारा जारी जनवरी 2026 की रिटेल बिक्री रिपोर्ट के अनुसार, देश में ट्रैक्टर बाजार ने मजबूत वृद्धि दर्ज की है। जनवरी 2026 में कुल 1,14,759 ट्रैक्टरों की रिटेल बिक्री हुई, जबकि जनवरी 2025 में यह संख्या 93,386 यूनिट थी। इस तरह सालाना आधार पर 22.9 प्रतिशत की प्रभावशाली बढ़ोतरी देखने को मिली। बढ़ती मांग के बीच अधिकांश प्रमुख कंपनियों की बिक्री में इजाफा हुआ, हालांकि बाजार हिस्सेदारी के मामले में तस्वीर मिश्रित रही। ट्रैक्टरचॉइस के इस लेख में आज हम ब्रांडवाइज ट्रैक्टर्स की बिक्री प्रदर्शन के बारे में जानेंगे।
महिंद्रा एंड महिंद्रा (ट्रैक्टर डिवीजन)
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने जनवरी 2026 में 26,006 ट्रैक्टरों की बिक्री की, जो पिछले वर्ष के 22,073 यूनिट की तुलना में 17.82% अधिक है। हालांकि कंपनी की बिक्री बढ़ी, लेकिन उसका बाजार हिस्सा घटकर 22.66% रह गया, जो एक साल पहले 23.64% था। यानी बाजार की कुल वृद्धि की तुलना में कंपनी की रफ्तार थोड़ी धीमी रही।
स्वराज डिवीजन का दमदार प्रदर्शन
महिंद्रा समूह के स्वराज डिवीजन ने शानदार प्रदर्शन किया। जनवरी 2026 में कंपनी ने 21,920 ट्रैक्टर बेचे, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 17,341 यूनिट था। 26.41% की सालाना वृद्धि के साथ इसकी बाजार हिस्सेदारी भी 18.57% से बढ़कर 19.10% हो गई।
सोनालिका (ITL) की मजबूत बढ़त
इंटरनेशनल ट्रैक्टर्स लिमिटेड (सोनालिका) ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। कंपनी ने जनवरी 2026 में 15,379 ट्रैक्टर बेचे, जो पिछले वर्ष के 12,296 यूनिट से 25.07% अधिक है। बाजार हिस्सेदारी भी बढ़कर 13.40% हो गई, जो पहले 13.17% थी।
टैफे का स्थिर विस्तार
टैफे लिमिटेड ने 13,459 यूनिट की बिक्री के साथ 24.13% की वृद्धि दर्ज की। कंपनी का बाजार हिस्सा मामूली रूप से बढ़कर 11.73% हो गया, जो पिछले साल 11.61% था।
एस्कॉर्ट्स कुबोटा की तेज रफ्तार
एस्कॉर्ट्स कुबोटा ने सबसे तेज वृद्धि दरों में से एक दर्ज की। कंपनी की बिक्री 9,133 यूनिट से बढ़कर 12,313 यूनिट हो गई, यानी 34.82% की सालाना बढ़ोतरी। बाजार हिस्सेदारी भी 9.78% से बढ़कर 10.73% हो गई, जो 0.95% की उल्लेखनीय बढ़त है।
जॉन डियर की बिक्री बढ़ी, शेयर थोड़ा घटा
जॉन डियर इंडिया ने जनवरी 2026 में 8,082 ट्रैक्टर बेचे, जो पिछले साल के 6,614 यूनिट से 22.20% अधिक है। हालांकि बिक्री में इजाफा हुआ, कंपनी की बाजार हिस्सेदारी 7.08% से हल्की घटकर 7.04% रह गई।
आयशर ट्रैक्टर्स की बढ़ती हिस्सेदारी
आयशर ट्रैक्टर्स ने 31.19% की मजबूत वृद्धि दर्ज करते हुए 7,815 यूनिट बेचे। कंपनी का बाजार हिस्सा 6.38% से बढ़कर 6.81% हो गया, जो 0.43% की बढ़त दर्शाता है।
न्यू हॉलैंड (CNH इंडस्ट्रियल) का प्रभावशाली प्रदर्शन
CNH इंडस्ट्रियल (न्यू हॉलैंड) ने 34.37% की सालाना वृद्धि के साथ 5,387 ट्रैक्टरों की बिक्री की। कंपनी की बाजार हिस्सेदारी भी 4.29% से बढ़कर 4.69% हो गई।
अन्य कंपनियों की हिस्सेदारी घटी
‘अन्य’ श्रेणी की कंपनियों की बिक्री घटकर 4,398 यूनिट रह गई, जो पिछले साल 5,120 यूनिट थी। 14.10% की गिरावट के साथ इनकी बाजार हिस्सेदारी भी 5.48% से घटकर 3.83% रह गई, यानी 1.65% की बड़ी कमी।
कुल मिलाकर, जनवरी 2026 में ट्रैक्टर बाजार ने मजबूत वृद्धि दर्ज की है। एस्कॉर्ट्स कुबोटा, न्यू हॉलैंड, आयशर, स्वराज, सोनालिका और TAFE जैसी कंपनियों ने न केवल बिक्री बढ़ाई बल्कि बाजार हिस्सेदारी भी मजबूत की। वहीं, महिंद्रा और जॉन डियर की बिक्री बढ़ने के बावजूद उनका बाजार हिस्सा थोड़ा घटा। ‘अन्य’ कंपनियों की हिस्सेदारी में गिरावट से स्पष्ट है, कि ग्राहक अब स्थापित और भरोसेमंद ब्रांड्स को प्राथमिकता दे रहे हैं।