महिंद्रा हार्वेस्ट युवा को इस तरह विकसित किया गया है कि किसान कम लागत में आधुनिक कटाई तकनीक का लाभ उठा सकें। कंपनी के अनुसार, इसकी कीमत बड़े सेल्फ-प्रोपेल्ड हार्वेस्टर की तुलना में करीब 25 प्रतिशत तक कम है, जिससे अधिकतम 7 लाख रुपये तक की बचत हो सकती है। यह मशीन छोटे और मध्यम किसानों के अलावा उन ग्रामीण उद्यमियों के लिए भी उपयोगी साबित हो सकती है, जो किसानों को किराये पर कृषि मशीनरी उपलब्ध कराते हैं।
इस हार्वेस्टर का कॉम्पैक्ट आकार गांवों की संकरी सड़कों और छोटे खेतों तक मशीन पहुंचाने में मदद करता है। इसमें 9.3 और 10.9 फीट के आरटीओ-अनुमोदित कटर बार उपलब्ध हैं, जबकि मशीन की ट्रैक-विथ लगभग 8 फीट है। बंद अनलोडिंग ट्यूब के कारण इसे एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाना अपेक्षाकृत आसान है। खास बात यह है कि छोटे खेतों के रास्ते से गुजरते समय कटर बार को बार-बार हटाने और जोड़ने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
धान और सोयाबीन जैसी फसलों की कटाई के दौरान खेतों में नमी और कीचड़ अक्सर बड़ी चुनौती बन जाते हैं। हार्वेस्ट युवा में दिया गया 4WD सिस्टम ऐसी परिस्थितियों में मशीन को बेहतर ट्रैक्शन देने में मदद करता है। कटर बार का आगे का हिस्सा ऑपरेटर को साफ दिखाई देता है, जिससे वह मशीन की दिशा को आसानी से नियंत्रित कर सकता है। इससे खड़ी या गिरी हुई फसल और असमान खेतों में कटाई के दौरान नुकसान कम करने में सहायता मिलती है।
मशीन को लंबे समय तक चलाने वाले ऑपरेटर की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसमें लो-हाइट ऑपरेटर स्टेशन दिया गया है। प्लेटफॉर्म पर सह-चालक के बैठने के लिए भी जगह उपलब्ध है। इंजन को मशीन के पिछले हिस्से में रखा गया है, जिससे इंजन की गर्मी सीधे ऑपरेटर तक नहीं पहुंचती। इसके साथ सेल्फ-क्लीनिंग रेडिएटर दिया गया है, जो मशीन के सुचारु संचालन में मदद करता है और रखरखाव को आसान बनाता है।
महिंद्रा हार्वेस्ट युवा में हाइड्रोलिक रील एडजस्टर और प्रॉन्ग कटर जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इनकी मदद से विभिन्न ऊंचाई और घनत्व वाली फसलों के हिसाब से कटाई को समायोजित किया जा सकता है। मशीन में फीडर रिवर्सर भी मौजूद है। यदि कटाई के दौरान फसल सामग्री फीडिंग सिस्टम में फंस जाती है, तो ऑपरेटर अपनी सीट से ही लीवर की मदद से उसे बाहर निकाल सकता है। इससे काम रोकने और मशीन से नीचे उतरने की जरूरत कम होती है।
हार्वेस्ट युवा में हल्के वजन का चेन-ड्राइव मैकेनिज्म इस्तेमाल किया गया है। इसके आगे और पीछे के पहियों को एक ही लाइन में रखा गया है, जिससे खेत की मिट्टी पर मशीन का दबाव कम रखने में मदद मिलती है। कंपनी के अनुसार, यह व्यवस्था मिट्टी के ज्यादा सख्त होने की समस्या को घटाने के साथ मशीन की गतिशीलता और फुर्ती को बेहतर करती है। इससे कटाई के दौरान फसल को होने वाले नुकसान को भी कम करने में सहायता मिल सकती है।
महिंद्रा हार्वेस्ट युवा फिलहाल महाराष्ट्र, कर्नाटक, गुजरात और उत्तर प्रदेश के प्रमुख बाजारों में बिक्री के लिए उपलब्ध है। मशीन को महिंद्रा की इंजन तकनीक के साथ तैयार किया गया है और कंपनी ने इसके साथ एक वर्ष की वारंटी देने की जानकारी दी है। महिंद्रा के फार्म इक्विपमेंट बिजनेस के फार्म मशीनरी प्रमुख रवींद्र शाहणे के अनुसार, मशीन को छोटे और मध्यम किसानों तथा ग्रामीण कृषि उद्यमियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। कंपनी का लक्ष्य ऐसी मशीन उपलब्ध कराना है, जो कटाई में लगने वाले समय और खर्च को घटाते हुए किसानों की उत्पादकता और आय बढ़ाने में मदद कर सके।
ट्रैक्टरचॉइस प्लेटफॉर्म किसानों को खेती-बाड़ी से जुड़ी सभी जरूरी और ताज़ा जानकारियां उपलब्ध कराता है। यहां ट्रैक्टरों के नए मॉडल, उनकी कीमत, फीचर्स और खेतों में उपयोग से जुड़ी अपडेट नियमित रूप से साझा की जाती हैं। साथ ही सोनालीका, जॉन डियर, स्वराज, महिंद्रा, मैसी फर्ग्यूसन, न्यू हॉलैंड, वीएसटी और कुबोटा जैसी प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों की पूरी और विश्वसनीय जानकारी भी ट्रैक्टरचॉइस पर आसानी से प्राप्त की जा सकती है।