राजस्थान के अजमेर जिले से करीब 16 किलोमीटर दूर स्थित ब्रह्मा नगरी पुष्कर में 22 अक्टूबर से विश्व प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय पुष्कर पशु मेला 2025 की शुरुआत होने जा रही है। यह मेला 7 नवंबर तक चलेगा। इस बार मेले की सबसे बड़ी खासियत यह है कि राजस्थान सरकार ने पहली बार पशुपालकों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल शुरू किया है, जिससे देश के किसी भी हिस्से से पशुपालक आसानी से अपने पशुओं के लिए स्लॉट बुक कर सकते हैं।
पुष्कर मेले के लिए आप सरकार के पोर्टल pushkarmela.rajasthan.gov.in पर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाती है। पहले चरण में पशुपालक को अपनी फोटो, आधार कार्ड या कोई वैध पहचान पत्र और पशु का स्वास्थ्य प्रमाण पत्र अपलोड करना होता है, जिसे मान्यता प्राप्त पशु चिकित्सक से अप्रूव कराना आवश्यक है। सत्यापन के बाद पात्र पशुपालकों को स्लॉट बुकिंग की अनुमति दी जाती है।
इस साल मेले में कुल 520 स्लॉट उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें से अब तक 187 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 160 पशुपालकों को स्वीकृति मिल चुकी है। बाकी आवेदन प्रक्रिया में हैं। यह पहल पशुपालन विभाग के लिए एक नवाचार है और इससे रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुविधा दोनों बढ़ी हैं।
पशुपालन विभाग के अनुसार, इस बार न केवल राजस्थान बल्कि पंजाब, हरियाणा, गुजरात जैसे पड़ोसी राज्यों से भी पशुपालकों ने आवेदन किए हैं। इससे पुष्कर मेला वास्तव में एक राष्ट्रीय स्तर का आयोजन बनता जा रहा है। बाहर के राज्यों के पशुपालक भी अब घर बैठे अपने पशुओं के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुक कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें: मनरेगा पशु शेड योजना के तहत भारी छूट, जानें सबकुछ
हर साल की तरह इस बार भी मेले में ऊंट और घोड़ों की सजावट, करतब और अन्य प्रतियोगिताएं लोगों के लिए मुख्य आकर्षण होंगी। ऊंट, जिसे “रेगिस्तान का जहाज” कहा जाता है, पुष्कर मेले की पहचान है। सरकार ने हाल ही में ऊंटों को राजस्थान से बाहर ले जाने की अनुमति दी है, जिससे इस बार ऊंटों की संख्या और व्यापार दोनों में बढ़ोतरी की उम्मीद है। इससे ऊंट के अच्छे दाम मिलने की संभावना भी जताई जा रही है।
पर्यटन विभाग इस बार मेले को और भव्य और मनोरंजक बनाने की तैयारी में जुटा है। 30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक प्रतिदिन लोक नृत्य, लोक गायन, पारंपरिक खेलकूद और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें मूंछ, साफा, रंगोली, कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल जैसी प्रतियोगिताएं शामिल होंगी। शाम के समय “बेस्ट ऑफ राजस्थान” और “बेस्ट ऑफ पुष्कर” जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। साथ ही इस बार कवि सम्मेलन और बॉलीवुड नाइट का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें मशहूर कलाकार प्रस्तुति देंगे।
प्रशासन ने मेले की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारी की है। मेला स्थल पर पुलिस और प्रशासनिक टीमों की तैनाती की गई है। पशुपालकों और पर्यटकों के लिए आवास, पानी, बिजली और स्वच्छता की सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
पशुपालन विभाग ने अन्य राज्यों के पशुपालकों को भी आमंत्रित किया है कि वे परिवार और पशुओं सहित मेले में आएं और राजस्थान की परंपरा व गौरव का हिस्सा बनें।
प्रश्न: पुष्कर पशु मेला 2025 की शुरुआत किस तारीख से हो रही है ?
उत्तर: 22 अक्टूबर
प्रश्न: पुष्कर पशु मेले के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किस पोर्टल पर किया जा सकता है ?
उत्तर: pushkarmela.rajasthan.gov.in
प्रश्न: पुष्कर पशु मेला 2025 का समापन कब होगा ?
उत्तर: 7 नवंबर
प्रश्न: पुष्कर पशु मेले में इस बार कितने कुल स्लॉट उपलब्ध हैं ?
उत्तर: 520
प्रश्न: अब तक पुष्कर मेले में कितने पशुपालकों को रजिस्ट्रेशन की स्वीकृति मिल चुकी है ?
उत्तर: 160