किसान मित्र कंपनी किराए पर उपलब्ध करा रही ई-रिपर

By: tractorchoice
Published on: 07-May-2025
E-Ripper Machine

ई–रिपर मशीन एक इलेक्ट्रिक फसल कटाई यंत्र है जो कम खर्च में 8 घंटे तक लगातार काम करता है। यह पर्यावरण अनुकूल मशीन छोटे किसानों के लिए किफायती किराए पर उपलब्ध है और खेती को आसान व लाभकारी बना रही है।

भारत में जैसे–जैसे कृषि क्षेत्र में आधुनिकता बढ़ती जा रही है वैसे–वैसे किसानों की मेहनत कम और मुनाफा बढ़ने लगा है। 

गेहूं की कटाई के इस मौसम में किसानों को ऐसी मशीन की जरूरत पड़ती है, जो कम समय और कम खर्च में अधिक क्षेत्रफल में फसलों की कटाई कर सकें। 

वर्तमान में किसानों की इसी आवश्यकता को मद्देनजर रखते हुए ई–रिपर मशीन को तैयार किया गया है। यह एक कटाई के लिए अद्भुत और किफायती समाधान है। भोपाल की एक नवाचार आधारित कृषि यंत्र निर्माता कंपनी किसान मित्र ने इस मशीन को तैयार किया है।

ई–रिपर की सबसे खास बात यह है कि यह बैटरी के जरिए चलती है, जिससे डीजल या पेट्रोल पर अधिक खर्च नहीं आता है। इस मशीन का निर्माण विशेष रूप से छोटे और मध्यम किसान की जरूरतों को ध्यान में रखकर हुआ है।

ई–रिपर क्या होता है ?

ई–रिपर एक अत्याधुनिक फसल कटाई मशीन है, जो पूरी तरह से इलेक्ट्रिक बैटरी के माध्यम से चलती है। किसान मित्र कंपनी ने इस मशीन को पर्यावरण अनुकूल, चलाने में आसान और हर मौसम व फसल के अनुकूल बनाने की दिशा में विशेष रूप से कार्य किया है। 

वर्तमान में यह मशीन किसानों को किफायती किराये पर उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे बिना बड़ी पूंजी लगाए इसका लाभ प्राप्त कर सकें।

ये भी पढ़ें: एग्रीजोन स्ट्रॉ रीपर की अद्भुत जानकारियां

ई–रिपर की खासियतें

ई–रिपर मशीन की बहुत सारी ऐसी खूबियां हैं, जो इसको आम कटाई मशीनों से हटकर बनाती हैं। यह एक बार चार्ज करने पर निरंतर 8 घंटे तक कार्य करती है। 

एक घंटे में एक एकड़ तक फसल की कटाई करने की क्षमता होती है। बिना धुंआ और शून्य कार्बन उत्सर्जन की वजह से यह पर्यावरण के लिए अनुकूल है।

बैटरी को आसानी से बदला जा सकता है। यह गेहूं, चना, धान जैसी प्रमुख फसलों की सटीक और समतल कटाई करती है। 

मशीन की हल्की बनावट और मजबूत चेसिस इसे उबड़–खाबड़ रास्तों पर भी चलाने योग्य बनाते हैं। छोटे ट्रॉली वाहन या ठेले पर इसे एक स्थान से दूसरे स्थान पर आसानी से ले जाया जा सकता है।

किसानों को किराए पर मिल रही सुविधा

ई–रिपर को फिलहाल किसानों को केवल 1000 रुपए प्रति एकड़ की दर पर किराये पर दिया जा रहा है। इससे छोटे किसान भी आधुनिक तकनीक का लाभ ले पा रहे हैं, जो पहले उनके लिए केवल एक सपना था। 

यह पहल खास तौर पर उन किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है, जिनके पास अपनी खुद की कटाई मशीन नहीं है। खबरों के अनुसार, कई किसान अब ई–रिपर के साथ बाइंडर की भी मांग कर रहे हैं, ताकि कटाई के साथ बंधाई का कार्य भी एक साथ हो सके।


प्रश्न: ई-रिपर क्या होता है ?

उत्तर: ई–रिपर मशीन एक इलेक्ट्रिक फसल कटाई यंत्र है जो कम खर्च में 8 घंटे तक लगातार काम करता है। 

प्रश्न: ई-रिपर निर्माता कंपनी का क्या नाम है ?  

उत्तर: भोपाल की इस नवाचार आधारित कृषि यंत्र निर्माता कंपनी का नाम किसान मित्र है। 

प्रश्न: किसान मित्र कंपनी और कौन-से उत्पाद बनाती है ?

उत्तर: किसान मित्र कंपनी आने वाले समय में इलेक्ट्रिक थ्रेशर, सोलर पंप और मिनी ट्रैक्टर जैसे उत्पाद तैयार कर रही है। 

Similar Posts