अक्टूबर 2025 में तीन राज्यों में लगेगा किसान मेला

By: tractorchoice Published on: 13-Oct-2025

कृषि मेलों के जरिए सरकार का बड़ा कदम: खेती को बनाएंगे ज्यादा लाभकारी और आधुनिक

Kisan Mela 2025: सरकार की ओर से देश के किसानों के लाभार्थ समय–समय पर प्रदर्शनी व कृषि मेलों का आयोजन किया जाता है। इसमें किसानों को खेती की उन्नत तकनीकों की जानकारी दी जाती है। 

पिछले महीने हरियाणा के हिसार में कृषि मेले का आयोजन किया गया था। इसी कड़ी में अब अक्टूबर के महीने में उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश और उत्तराखंड में किसान मेले आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों, उन्नत बीज और आधुनिक कृषि उपकरणों की जानकारी दी जाएगी।

मेरठ के मोदीपुरम में लगेगा भव्य किसान मेला – 14 से 16 अक्टूबर तक

सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में 14 से 16 अक्टूबर तक अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। निदेशक प्रसार व मेला प्रभारी पीके सिंह के अनुसार इस वर्ष मेले का मुख्य विषय “पौष्टिक अनाज और समृद्ध किसान” रखा गया है। 

मेले में किसानों को नवीनतम कृषि तकनीक, उन्नत बीज, आधुनिक उपकरण, पशु प्रदर्शनी, दुग्ध उत्पादन, बागवानी, सब्जी और फल-फूल की प्रदर्शनी तथा लाइव तकनीकी प्रदर्शन का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही किसानों के मनोरंजन के लिए जादूगरों और लोक रागनियों का कार्यक्रम भी रखा गया है।

ये भी पढ़े: पीएम मोदी ने गढ़चिरोली में किया महिंद्रा ट्रैक्टर स्किल सेंटर का उद्घाटन

उत्तराखंड : पंतनगर, रुद्रपुर में 118वां किसान मेला (10 से 13 अक्टूबर तक)

पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय में 10 से 13 अक्टूबर तक 118वां अखिल भारतीय किसान मेला आयोजित किया जा रहा है। इस मेले में देश के कई राज्यों और नेपाल से किसान शामिल होंगे। मेले में उन्नत बीज (गेहूं, जौ, चना, मटर), आधुनिक कृषि यंत्र, फल, फूल, सब्जियों के पौधे और 350 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। 

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनमोहन चौहान के अनुसार मेले में किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने की जानकारी देने के लिए गोष्ठियां और विश्वविद्यालय के खेतों का दौरा भी कराया जाएगा। उत्तराखंड के राज्यपाल सेवानिवृत्त ले. जनरल गुरमीत सिंह मेले का शुभारंभ करेंगे।

मध्यप्रदेश: सीहोर में राज्य स्तरीय कृषि मेला (12 से 14 अक्टूबर तक)

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि 12 से 14 अक्टूबर तक राज्य स्तरीय कृषि मेला आयोजित किया जाएगा। इस मेले में देशभर के उद्योगपति, किसान और विशेषज्ञ शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कृषि और दुग्ध उत्पादन में प्रदेश को सर्वश्रेष्ठ बनाने के लिए काम कर रही है। मेला किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों और उपकरणों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

ये भी पढ़े: धान MSP में बढ़ोतरी: किसानों के लिए बड़ी राहत

अधिक से अधिक किसानों से मेलों में भाग लेने की अपील

तीनों मेलों में किसानों को न केवल कृषि तकनीक और उपकरणों की जानकारी मिलेगी, बल्कि उन्हें नए बीज, फसलों की बिक्री और वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने के गुर भी सीखने को मिलेंगे। आयोजक अधिकारियों ने अधिक से अधिक किसानों से मेलों में भाग लेने और मेले को स्वच्छ एवं पॉलीथीन-मुक्त बनाए रखने का अनुरोध किया है।



प्रश्न: हाल ही में हरियाणा के किस शहर में कृषि मेले का आयोजन किया गया था ?

उत्तर: हिसार

प्रश्न: अक्टूबर 2025 में किन तीन राज्यों में प्रमुख किसान मेले आयोजित किए जा रहे हैं ?

उत्तर: उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड

प्रश्न: मेरठ (उत्तर प्रदेश) में किसान मेला कहां आयोजित किया जा रहा है ?

उत्तर: सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय

प्रश्न: मेरठ में आयोजित मेले का मुख्य विषय क्या है ?

उत्तर: पौष्टिक अनाज और समृद्ध किसान

प्रश्न: पंतनगर में आयोजित 118वां किसान मेला कितनी तारीखों के बीच आयोजित होगा ?

उत्तर: 10 से 13 अक्टूबर

Similar Posts